बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत स्कूली बच्चों को किया जागरूक
Gargachary Times
21 November 2026, 20:27
34 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग की ओर से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत दोंकेली स्थित प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल एवं जनता इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों और महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यशाला में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन, महिला कल्याण विभाग दबरई की अधिकारी अनम आकाशा मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाते हुए अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित किया। साथ ही बाल विवाह की निर्धारित आयु सीमा की जानकारी देते हुए इसके दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया।
उन्होंने बच्चों को छेड़खानी, ईव टीजिंग, स्टॉकिंग, साइबर अपराध, बाल अपराध और बाल यौन शोषण जैसे गंभीर विषयों की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी बताया गया, ताकि बच्चे अपने अधिकारों को समझ सकें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर आवाज उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई गई। मिशन शक्ति एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत स्टीकर और चश्मा अभियान भी चलाया गया। कार्यशाला के अंत में छात्र-छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लालती, जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सीपी सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं पूर्णिमा, नीलोफर अली, सुनीता कुशवाहा, विनीता कुमारी, शिवानी शर्मा, रेखा बघेल, वन स्टॉप सेंटर की स्टाफ नर्स शशि माला तथा कर्मचारी सुनील और सतीश सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।