विश्व मात्स्यिकी दिवस पर मछुआरों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी
Gargachary Times
21 November 2026, 20:27
33 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को मत्स्य विभाग फिरोजाबाद की ओर से विकासखंड फिरोजाबाद के मछुआ बाहुल्य ग्राम गढ़ी तिवारी स्थित पंचायत भवन सभागार में जन जागरूकता कार्यक्रम एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मछुआ समुदाय के लोगों को मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य गौरव सिन्हा ने उपस्थित मछुआ समुदाय के लोगों को प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना और सघन मत्स्य पालन के लिए एयरेशन सिस्टम योजना की विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स योजना तथा शिक्षा, विवाह और चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। उन्होंने मत्स्य पालन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करते हुए मछली पालन को आय का बेहतर साधन बनाने के लिए आवश्यक जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान मत्स्य पालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), मछुआ दुर्घटना बीमा और एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर के सहयोग से विशेष शिविर भी लगाया गया।
इस अवसर पर ग्राम गढ़ी तिवारी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं मछुआ समुदाय के लोगों ने प्रतिभाग किया।