लाखों की सड़क में खानापूर्ति, गिट्टी उखड़ते देख भड़के ग्रामीण
Gargachary Times
22 November 2026, 20:26
33 views
Mathura
फरह। विकास खंड फरह के जोधपुर से कीठम तक बनाई जा रही सड़क निर्माण पूरा होने से पहले ही उखड़ने लगी है। सड़क पर हाथ लगाने से ही गिट्टी निकल रही है। निर्माण की इस स्थिति को देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जर्जर सड़क बनने की उम्मीद जगी थी। जब सड़क बननी शुरू हुई तो लोगों में खुशी थी, लेकिन निर्माण की शुरुआती स्थिति ने ही गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क ऊपर से काली दिखाई दे रही है, लेकिन गिट्टी हाथ लगाने और मोटरसाइकिल निकलने से ही उखड़ रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में डामर और अन्य सामग्री के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान जोधपुर हरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क की स्थिति देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कड़ी आपत्ति जताई और ठेकेदार से मानकों के अनुरूप काम कराने को कहा।
प्रधान हरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि सड़क की गिट्टी हाथ से ही उखड़ रही है। कई स्थानों पर निर्माण कार्य में केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है और फिनिशिंग भी ठीक नहीं है। उन्होंने इस संबंध में पहले ही एई को शिकायत की थी। इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर उन्होंने ठेकेदार से स्पष्ट कहा कि सड़क की गुणवत्ता में सुधार होने के बाद ही आगे काम होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कोई छोटी सड़क नहीं है। लाखों रुपये की लागत से बन रही इस सड़क से करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन होता है। छात्र, किसान, मजदूर और व्यापारी सभी इसी सड़क से होकर गुजरते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के ग्रामीणों को भुगतना पड़ सकता है। अगर अभी से सड़क उखड़ने लगी है तो बरसात में यह पूरी तरह से टूट जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के बिना काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एई संदीप ने कहा कि उन्हें सड़क निर्माण में गड़बड़ी की सूचना मिली है। वह मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और कमी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने फिलहाल इससे अधिक कुछ कहने से इनकार किया।
इस मौके पर हरिया, हरी कृष्ण,राम मोहन, श्री राम, ओम सिंह ,आदि लोग मौजूद रहे।