Loading...

शादी समारोह में हाईटेंशन लाइन बनी काल, करंट से दो बैंडकर्मियों की मौत, दो घोड़ियों ने तोड़ा दम

Gargachary Times 22 November 2026, 20:31 37 views
Firozabad
शादी समारोह में हाईटेंशन लाइन बनी काल, करंट से दो बैंडकर्मियों की मौत, दो घोड़ियों ने तोड़ा दम
फिरोजाबाद। जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर बाजवा में शनिवार रात शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान बैंड-बाजे वाली बग्गी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। बग्गी में करंट उतरने से दो बैंडकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बग्गी में लगी दो घोड़ियों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुभाष चंद्र की भतीजी निशा की शादी का समारोह चल रहा था। बारात मथुरा जनपद के फरह क्षेत्र से आई थी। समारोह में सिरसागंज कस्बे का जनता बैंड बुलाया गया था। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान बैंड की बग्गी गांव में ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। इससे बग्गी में करंट फैल गया और शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बग्गी पर मौजूद गायक पप्पू सिद्दीकी (45) निवासी मियां बाजार, सिरसागंज और बैंडकर्मी अकील (42) निवासी नगला राधे, थाना सिरसागंज की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बग्गी में लगी दोनों घोड़ियों की भी जान चली गई। एक अन्य व्यक्ति करंट की चपेट में आकर घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार घायल की हालत ठीक है।घटना की सूचना मिलते ही सिरसागंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां चंद पलों में मातम छा गया
Follow Samachar24