पुलिस लाइन में एयर स्ट्राइक और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही शुरू हुआ राहत-बचाव अभियान
Gargachary Times
22 November 2026, 20:33
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद: आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित हवाई हमले के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन मैदान में सिविल डिफेंस एयर स्ट्राइक एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया।
शासन के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा केंद्र फिरोजाबाद और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में शाम छह बजे से 6:30 बजे तक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। शाम छह बजे पुलिस लाइन परिसर में ब्लैकआउट किया गया। इसके तुरंत बाद सायरन बजते ही आपातकालीन राहत एवं बचाव अभियान शुरू हो गया।
मॉक ड्रिल में नवगठित नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के जवानों के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ हिस्सा लिया। प्रशिक्षित जवानों ने तेजी से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।
इस दौरान आपात स्थिति में विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी तालमेल और बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया गया। अभ्यास का उद्देश्य संभावित आपदा के समय जनहानि और धनहानि को न्यूनतम रखने के साथ आम नागरिकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस मौके पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी आपातकालीन या आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सतर्क और प्रशिक्षित होना भी बेहद जरूरी है। सिविल डिफेंस के गठन का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को भी आपदा प्रबंधन की गतिविधियों से जोड़ना है। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और राष्ट्र की सेवा करें केवल नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने जनपद के नागरिकों से जागरूकता अभियानों में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की।
अंत में जिलाधिकारी ने मॉक ड्रिल में प्रतिभाग करने वाले सभी अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में किसी भी आकस्मिक स्थिति में सभी विभाग इसी तत्परता और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता भी उपस्थित रहे।