Loading...

भारत-नेपाल मैत्री को मिलेगी नई मजबूती, रामायण सर्किट को रेल कनेक्टिविटी की सौगात

Gargachary Times 22 November 2026, 20:45 38 views
Ayodhya
भारत-नेपाल मैत्री को मिलेगी नई मजबूती, रामायण सर्किट को रेल कनेक्टिविटी की सौगात
अयोध्या: प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने जा रहा है। भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ 23 नवंबर को होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा प्रस्तावित है। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी रहेगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अयोध्या में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रेलवे के अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। *28 नवंबर से आम श्रद्धालु कर सकेंगे सफर* अयोध्या से जनकपुर धाम तक सीधी ट्रेन सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को होगा, जबकि 28 नवंबर से आम श्रद्धालु इस रेलसेवा में यात्रा कर सकेंगे। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी। यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह रेलसेवा सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार और जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को ट्रेन रवाना होगी। *सोमवार शाम अयोध्या से जनकपुर के लिए प्रस्थान* गाड़ी संख्या 15596 अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी। अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। रास्ते में गोरखपुर में रात 10:13 बजे, नरकटियागंज में मंगलवार रात 1:50 बजे, सीतामढ़ी में सुबह 4:42 बजे और जयनगर में सुबह 8:30 बजे आगमन होगा। वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। इस दौरान गोरखपुर में रविवार सुबह 3:55 बजे ट्रेन का आगमन निर्धारित है। *17 कोच के आधुनिक एलएचबी रैक से होगा संचालन* सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें आठ वातानुकूलित कोच, सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में प्रत्येक में 52 बर्थ, एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था होगी। सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ तथा एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध होंगी। एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच विद्युत उत्पादन के लिए लगाया गया है। *10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव* इस रेलसेवा को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित कुल 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी। *रामायण कालीन संबंधों को मिलेगी नई मजबूती* अयोध्या और जनकपुर धाम रामायण कालीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। अयोध्या प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों नगरों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन सुगम होगा। रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच बेहतर रेल संपर्क से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों तथा रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। यह रेलसेवा भारत-नेपाल मैत्री, सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी। *मुख्यमंत्री योगी के दौरे से पहले डीएम ने परखीं तैयारियां* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे और रेलसेवा के शुभारंभ कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के साथ अयोध्या के विकास कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं। रेलसेवा शुरू होने से दोनों देशों के यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
Follow Samachar24