Loading...

संस्कृति विवि में भारतबौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा में 638 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

Gargachary Times 23 November 2026, 18:52 1 views
Education
संस्कृति विवि में भारतबौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा में 638 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
मथुरा। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान एवं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारतबौद्धिक (आईकेएस) राष्ट्रीय परीक्षा–2026 का आयोजन शनिवार को देशभर में एक साथ किया गया। प्रदेश उच्च शिक्षा परिषद के नेतृत्व में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें लगभग 30,000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। संस्कृति विश्वविद्यालय, मथुरा स्थित परीक्षा केंद्र पर 638 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें संस्कृति विश्वविद्यालय के 577 और केडी विश्वविद्यालय के 61 विद्यार्थी शामिल थे। परीक्षा का संचालन उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा परिषद एवं विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के पर्यवेक्षक डॉ. आत्मदेव पाठक और डॉ. रामवीर सिंह सेंगर तथा केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. डी. एस. तोमर की देखरेख में हुआ। इस मौके पर संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के संयुक्त प्रयासों से भावी पीढ़ी को भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा, अपनी सांस्कृतिक विरासत और वैदिक जीवन-विज्ञान को समझने का अवसर मिल रहा है। भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा भारत की प्राचीन और समृद्ध बौद्धिक विरासत है। इसमें वेद, उपनिषद, दर्शन, आयुर्वेद, योग, गणित, खगोलशास्त्र, कृषि, वास्तु, भाषा, कला और साहित्य सहित अनेक ज्ञान-विधाएँ शामिल हैं। यह परंपरा प्रकृति, समाज और मानव जीवन को समग्र रूप से समझने तथा ज्ञान को लोककल्याण से जोड़ने पर बल देती है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय ज्ञान परंपरा का अध्ययन आधुनिक शिक्षा और अनुसंधान के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर देता है। इससे विद्यार्थी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझ सकते हैं और ज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में नए शोध एवं नवाचार की संभावनाएँ तलाश कर सकते हैं। भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा में निहित विविध ज्ञान-विधाएँ हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ समकालीन शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के लिए भी महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती हैं। विश्वविद्यालय की सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा के अध्ययन के लिए विश्वविद्यालय में पुस्तकालय और अध्ययन पीठ उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल भविष्य में अनुसंधान एवं विकास को नई दिशा देने में सहायक होगी। परीक्षा संचालन में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार रवि त्रिवेदी, उप परीक्षा नियंत्रक विनोद सारस्वत और डॉ. पंकज सारस्वत ने सक्रिय योगदान दिया। मूल्यांकन कार्य का नेतृत्व डॉ. के. के. पाराशर ने किया। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. के. के. कनोडिया, सचिव डॉ. प्रहलाद सिंह और संयुक्त सचिव डॉ. भोले सिंह ने भी परीक्षा केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Follow Samachar24