Loading...

भाजपा की डबल इंजन सरकार ने देश के किसान और नौजवानों को धोखा दिया है: अखिलेश यादव

Gargachary Times 23 November 2026, 18:54 3 views
Lucknow
भाजपा की डबल इंजन सरकार ने देश के किसान और नौजवानों को धोखा दिया है: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने देश के किसानों और नौजवानों को धोखा दिया है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों से किये वादों को पूरा नहीं किया। बिना किसान, और युवा को आगे बढ़ाए देश की तरक्की नहीं हो सकती है। समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों को जोड़कर सभी वर्गों के विकास के लिए काम करेगी। भाजपा सरकार कोई काम नहीं करती है। फर्जी कहानियां बनाती है। सरकार किसानों को डीएपी और यूरिया खाद तक नहीं उपलब्ध करा पा रही है। गन्ना किसानों, आलू और धान के किसानों को फसल की सही कीमत नहीं मिली। इस सरकार में बिचौलिए हावी है। मुनाफाखोरी कर रहे है। किसान और किसानी संकट में है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं के सामने नौकरी, रोजगार और जीवन यापन का संकट है। बड़ी संख्या में पढ़े लिखे नौजवान बेराजगार है, उनके पास योग्यता के अनुसार काम नहीं है। इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है। सरकार ने इन्वेस्टमेंट के फर्जी दावे किए। कोई निवेश जमीन पर नहीं उतरा। कहीं कम्पनी, फैक्ट्री नहीं लगी। भाजपा सरकार झूठी हैं। झूठ, लूट और बेईमानी इस सरकार की पहचान बन गयी है। भ्रष्टाचार चरम पर है। बजट की लूट हो रही है। भाजपा सरकार ने संस्थाओं को बर्बाद कर दिया। शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब खराब कर दिया है। भाजपा शिक्षा-परीक्षा विरोधी है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के एजेण्डे में नौकरी, रोजगार, विकास नहीं है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। बेईमानी और धांधली करके चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करती है। जनता भाजपा की चाल और चालबाजी को समझ गयी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सफाया कर समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार लाने जा रही हैं। समाजवादी सरकार में किसानों, नौजवानों, महिलाओं, गरीबों के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे। सबको सम्मान और अधिकार मिलेगा।
Follow Samachar24