Loading...

यूक्रेन ने लीबिया के पास रूसी युद्धपोत डुबोया, 7 समुद्री ड्रोन से हमला

Gargachary Times 23 November 2026, 19:33 35 views
International
यूक्रेन ने लीबिया के पास रूसी युद्धपोत डुबोया, 7 समुद्री ड्रोन से हमला
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग अब अफ्रीका तक पहुंच गई है। यूक्रेन ने अफ्रीकी देश लीबिया के पास रूसी नौसेना के युद्धपोत मर्क्युरी पर हमला कर उसे डुबा दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को बताया कि हमले में यूक्रेन में बने 7 समुद्री ड्रोन इस्तेमाल किए गए। हमले में रूसी सेना का कामोव Ka-27 हेलिकॉप्टर तबाह हो गया। यूक्रेन ने रूसी मालवाहक जहाज MV अंगारा पर भी हमला किया। यूक्रेन के मुताबिक, इस जहाज से हथियार एक जगह से दूसरी जगह ले जाए जा रहे थे। हमले के बाद सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में मर्क्युरी समुद्र में डूबा दिखाई दिया। इस महीने अब तक 4 रूसी जहाजों को निशाना बनाया जा चुका है। मर्क्युरी लीबिया के पूर्वी शहर बेंगाजी के नौसैनिक अड्डे पर ईंधन और जरूरी सामान लेने पहुंचा था। इसी दौरान उस पर हमला हुआ। धमाकों के बाद लगी आग को लीबिया की सिविल डिफेंस टीम ने बुझाया। मर्क्युरी रूस के नए युद्धपोतों में शामिल था। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2019 में उस शिपयार्ड का दौरा किया था, जहां इसे बनाया जा रहा था। 2023 में रूस के नौसेना दिवस परेड में भी इसे खास तौर पर दिखाया गया था। लीबिया में रूस की मौजूदगी की वजह दोनों के बीच सैन्य सहयोग है। 2011 में तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी की सत्ता खत्म होने के बाद से देश दो हिस्सों में बंटा है। राजधानी त्रिपोली में एक सरकार है, जबकि पूर्वी हिस्से में खलीफा हफ्तार का प्रशासन है। रूस हफ्तार के प्रशासन का समर्थन करता है। रूस पूर्वी लीबिया का इस्तेमाल अफ्रीका में अपनी सैन्य गतिविधियां बढ़ाने और वहां जरूरी सामान पहुंचाने के लिए करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रास्ते से रूस की अफ्रीका कॉर्प्स नाम की सैन्य इकाई तक भी सामान पहुंचाया जा सकता है।
Follow Samachar24