Loading...

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक

Gargachary Times 23 November 2026, 20:07 30 views
Firozabad
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक
फिरोजाबाद। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत सोमवार को जनपदभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने रैली, संगोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी।अभियान के तहत जनपद के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और मिशन शक्ति पुलिस टीमों ने ब्लॉक, गांवों तथा स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं, शिक्षिकाओं और महिलाओं को महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रमों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, सुरक्षा, समानता और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर हिंसा एवं ऑनलाइन अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणाम, पारिवारिक विघटन से जुड़े मामले, बाल विवाह और समाज में प्रचलित अन्य कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके अलावा महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस विभाग के अनुसार मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जनपद में जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बन सकें।
Follow Samachar24