सीडीओ ने मदावली गोशाला का किया औचक निरीक्षण, सर्दी से बचाव के लिए तिरपाल लगाने के निर्देश
Gargachary Times
23 November 2026, 20:09
29 views
Firozabad
फिरोजाबाद। मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मदावली गोशाला का आकस्मिक निरीक्षण कर गोवंश के संरक्षण एवं उनकी देखभाल के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशाला परिसर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और गोवंश के आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ ने गोशाला के मुख्य द्वार को बदलवाने तथा बाड़े को समतल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में कहीं भी जलभराव या दलदल जैसी स्थिति नहीं होनी चाहिए, जिससे गोवंश को आवागमन में परेशानी न हो और वे सुरक्षित रह सकें।आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने गोवंश को शीतलहर से बचाने के लिए तिरपाल आदि लगाने की व्यवस्था समय रहते पूरी कराने को कहा। इसके अलावा गोशाला में पेंटिंग कराने और क्षतिग्रस्त दो टीन शेड को शीघ्र बदलवाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गोवंश का संरक्षण और उनकी समुचित देखभाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे।