Loading...

200 विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिया जाएगा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, दिसंबर में चलेगा मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम

Gargachary Times 23 November 2026, 20:10 40 views
Firozabad
200 विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिया जाएगा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, दिसंबर में चलेगा मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला आपदा कार्यालय की ओर से आयोजित बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन और प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में जनपद के विद्यालयों का चयन, मास्टर ट्रेनर्स की उपलब्धता, प्रशिक्षण की अवधि, कार्ययोजना और समय-सारिणी सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में करीब 200 विद्यालयों की सूची प्राप्त हुई है। इन विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न विभागों के सहयोग से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में लगभग 100 विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग, सुरक्षित स्थानों की पहचान और आपातकालीन निकासी के तरीके बताए जाएंगे। इसके अलावा बाढ़, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली, हीटवेव और शीतलहर जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जाएगी। भूकंप के दौरान बचाव के लिए ड्रॉप, कवर एवं होल्ड तकनीक का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही नाव दुर्घटनाओं से बचाव, सचेत, दामिनी और मौसम ऐप के उपयोग तथा मौसम विभाग की चेतावनियों और कलर कोड के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनपद के एक बड़े विद्यालय में 300 से 500 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसके लिए ऑडिटोरियम, प्रोजेक्टर, माइक सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।सीडीओ ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षण की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाए। साथ ही डिजिटल डायरी तैयार की जाए, जिसमें प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों और कार्यक्रम की प्रगति का पूरा विवरण दर्ज रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम दिसंबर 2026 में आयोजित किए जाएंगे। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, बीएसए, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला आपदा विशेषज्ञ प्रिया उपाध्याय और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24