शिकोहाबाद में दर्दनाक हादसा: सिलिंडर लेकर लौट रहे चचेरे भाइयों को कार ने रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
Gargachary Times
23 November 2026, 20:11
34 views
Firozabad
शिकोहाबाद/फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गैस सिलिंडर भरवाकर बाइक से घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव गढ़सान निवासी अनिल कुमार के घर के बराबर में रहने वाले उनके चाचा राकेश के यहां अखंड रामायण का पाठ चल रहा था। इसी सिलसिले में अनिल अपने ताऊ अशोक कुमार के बेटे अजय के साथ बाइक से शिकोहाबाद स्थित भारत गैस गोदाम पर सिलिंडर भरवाने आया था।सिलिंडर भरवाने के बाद दोनों चचेरे भाई बाइक से गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे एटा रोड पर जलालपुर पुलिया के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बाइक सवार दोनों युवक उछलकर पुलिया से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि कार सवार के एयरबैग खुलने से उसे बचाव मिल गया। हादसे के बाद वह मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को शिकोहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अनिल कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद रेफर किया गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ जयबिंद गुप्ता ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।