ठाकुर श्री जानकी वल्लभ लाल मंदिर में धूमधाम से मनाया गया अन्नकूट महोत्सव
Gargachary Times
24 November 2026, 18:43
4 views
Dharam
वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन के केसी घाट स्थित ठाकुर श्री जानकी वल्लभ लाल मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान के समक्ष छप्पन भोग सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों और मिष्ठानों का भव्य अन्नकूट सजाया गया। आकर्षक फूलों से सजे मंदिर परिसर में राम दरबार के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने ठाकुरजी के दर्शन कर प्रसाद प्राप्त किया।
अन्नकूट महोत्सव सनातन धर्म की प्राचीन परंपराओं में विशेष स्थान रखता है। यह पर्व प्रकृति, अन्न और भगवान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक है। परंपरा के अनुसार इस दिन भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया जाता है। इसमें पूड़ी, कचौड़ी, कढ़ी, चावल, दाल, विभिन्न मौसमी सब्जियां, हलवा, खीर, मालपुआ, लड्डू, पेड़ा, बर्फी, माखन-मिश्री एवं अनेक प्रकार के मिष्ठान शामिल होते हैं। इसके अतिरिक्त मौसमी फलों और अन्य सात्विक व्यंजनों से भी भोग सजाया जाता है। विभिन्न प्रकार के अन्न और पकवानों को पर्वताकार रूप में सजाने के कारण इसे अन्नकूट कहा जाता है।
इस अवसर पर जगद्गुरु स्वामी अनिरुद्धाचार्य महाराज ने अन्नकूट महोत्सव की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और प्राचीन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को धर्म और अध्यात्म से जोड़ने का कार्य करते हैं। भगवान के प्रति भक्ति, समर्पण और कृतज्ञता का भाव ही इस महोत्सव का मूल उद्देश्य है।
वहीं गोविंद दास महाराज ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि अन्नकूट महोत्सव में भगवान को अनेक प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित करने की परंपरा है। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाता है। उन्होंने आयोजन को भक्ति, सेवा और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण बताया।
महोत्सव के दौरान मंदिर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। धार्मिक आयोजन ने वृंदावन की प्राचीन भक्ति परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से माधवाचार्य महाराज, रघुनाथाचार्य महाराज, राम नारायण पुजारी, मौनी बाबा, सुधीर गौतम, शिवनेश, पीयूष, यश नारायण, जगन्नाथ आदि उपस्थित रहे।