Loading...

बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना ही सच्चा सशक्तिकरण: साध्वी ऋतंभरा

Gargachary Times 24 November 2026, 18:44 5 views
Mathura
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना ही सच्चा सशक्तिकरण: साध्वी ऋतंभरा
रिपोर्ट - मनोज अग्रवाल वृंदावन। वात्सल्य ग्राम स्थित समविद् एक्सपर्ट के माध्यम से अभावग्रस्त परिवारों की बेटियों एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित त्रिमासिक कुटीर उद्योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर ब्यूटीशियन, सिलाई, कढ़ाई एवं कंप्यूटर का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। कंप्यूटर प्रशिक्षण में स्नेहा तिवारी, सूरज चौधरी एवं ज्योति ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ब्यूटीशियन में लक्ष्मी, रेनू एवं शिवानी तथा सिलाई में शिवानी, वंदना एवं काजल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर वात्सल्य मूर्ति साध्वी ऋतंभरा ने प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान करते हुए कहा कि स्वावलंबन हमें स्वाभिमान के साथ जीना सिखाता है। जब तक हम दूसरों पर निर्भर रहते हैं, तब तक बंधनों में रहते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिभा पहचानकर अपनी क्षमताओं का विकास करना चाहिए। शक्ति और सफलता प्राप्त होने पर व्यक्ति के भीतर विनम्रता एवं सहजता होनी चाहिए, अहंकार नहीं, क्योंकि अहंकार परिवार और समाज को बिखेर देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय गुरुकुल शिक्षा पद्धति में भी नारियां शिक्षित होकर समाज को शिक्षा और दिशा प्रदान करती थीं, लेकिन उन्होंने अपनी मर्यादा एवं परंपराओं से कभी समझौता नहीं किया। आज सरकार भी बेटियों के विकास और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। बेटियों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनना चाहिए और अपनी प्रतिभा से समाज में पहचान स्थापित करनी चाहिए। साध्वी ऋतंभरा ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि हमें आतिशबाजी नहीं, बल्कि वटवृक्ष बनना चाहिए। आतिशबाजी कुछ पल के लिए आसमान को रोशन करती है, लेकिन अंततः राख बनकर गिर जाती है, जबकि वटवृक्ष अपनी गहरी जड़ों के साथ लंबे समय तक पशु-पक्षियों और मनुष्यों को आश्रय देता है। इसी प्रकार व्यक्ति को अपनी सफलता के साथ समाज के लिए भी सहारा बनना चाहिए। कार्यक्रम में ओंकारेश्वर से साध्वी साक्षी, साध्वी शिरोमणि, स्वामी सत्यशील, प्रबंधक साध्वी सत्यश्रुति दी, साध्वी सत्यनिष्ठा निशांत, लक्ष्मी, रूबी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Follow Samachar24