Loading...

राजीव एकेडमी के बीबीए विद्यार्थियों ने किया विक्टोरा इंडस्ट्रीज का भ्रमण, औद्योगिक भ्रमण में उत्पादन, गुणवत्ता और आपूर्ति प्रबंधन की बारीकियां समझीं

Gargachary Times 24 November 2026, 18:51 4 views
Education
राजीव एकेडमी के बीबीए विद्यार्थियों ने किया विक्टोरा इंडस्ट्रीज का भ्रमण, औद्योगिक भ्रमण में उत्पादन, गुणवत्ता और आपूर्ति प्रबंधन की बारीकियां समझीं
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आरएटीएम), मथुरा के बीबीए विभाग द्वारा पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए हरियाणा के फरीदाबाद स्थित विक्टोरा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर औद्योगिक एवं व्यावसायिक कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था। विक्टोरा इंडस्ट्रीज एक प्रतिष्ठित विनिर्माण कम्पनी है, जो शीट मेटल के पुर्जों, ऑटोमोबाइल असेंबली, एग्जॉस्ट सिस्टम के घटकों, मेटल स्टैम्पिंग, फोर्जिंग, सीएनसी मशीन से निर्मित पुर्जों तथा लिफ्ट के भारी-भरकम दरवाजों का निर्माण करती है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कम्पनी की उत्पादन इकाई, गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रिया, भंडार प्रबंधन और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा। कम्पनी के अधिकारियों ने उन्हें विनिर्माण प्रक्रिया, मानक संचालन प्रक्रियाओं तथा प्रबंधन के व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। कम्पनी के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उत्पादन प्रबंधन, गुणवत्ता नियंत्रण और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी विनिर्माण इकाई की सफलता के लिए उत्पादन, गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। विद्यार्थियों को उत्पादन योजना, समय-सारणी, संसाधनों के अधिकतम उपयोग, उत्पादन लागत में कमी तथा कच्चे माल की उपलब्धता से लेकर तैयार उत्पादों की आपूर्ति तक की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण, मानक संचालन प्रक्रिया, निरंतर सुधार, अपव्यय में कमी और समय पर सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई। कम्पनी प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्र में अनुशासन, टीमवर्क, समय प्रबंधन और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। भ्रमण के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने कम्पनी प्रतिनिधियों से विभिन्न सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और अनुभवपरक साबित हुआ। इससे उन्हें उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने तथा प्रबंधन के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर मिला। संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझना बेहद जरूरी है, ताकि वे कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से लागू कर सकें। संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। उद्योगों से प्रत्यक्ष जुड़ाव विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और व्यावहारिक समझ विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अपने ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि करने और बेहतर प्रबंधकीय नेतृत्व के लिए स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
Follow Samachar24