रूस-यूक्रेन जंग में 7 लाख रूसी सैनिकों की मौत का दावा
Gargachary Times
24 November 2026, 18:58
4 views
International
रूस ने यूक्रेन के साथ जारी जंग में अब तक 7 लाख से ज्यादा सैनिक गंवा दिए हैं। यह संख्या रूस के सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज मौतों से करीब 2 लाख ज्यादा है। रूस से बाहर काम कर रहे दो मीडिया संस्थानों मेडुजा और मीडियाजोना की एक जांच में यह बात सामने आई है।
इन संस्थानों के मुताबिक, यह आंकड़ा यूक्रेन के समर्थन वाले दो हैकर्स ग्रुप से मिले सरकारी डेटा के आधार पर तैयार किया गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सरकार सैनिकों के इस नुकसान की भरपाई के लिए हर साल 4 लाख से ज्यादा नए सैनिकों की भर्ती कर रही है। इसके लिए नए सैनिकों को बड़ी रकम देने का ऑफर भी दिया जा रहा है।
रूस के सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, सितंबर तक जंग में कम से कम 4 लाख 90 हजार सैनिकों की मौत हो चुकी थी। हालांकि, सरकारी आंकड़ों में मौतों का ब्यौरा देर से दर्ज होता है। इस वजह से इनमें 2026 में मारे गए ज्यादातर सैनिकों के नाम शामिल नहीं हैं।
मेडुजा और मीडियाजोना ने इस अंतर का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों से आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसमें उन सैनिकों को भी शामिल किया गया, जो लापता हैं और जिनके मारे जाने की आशंका है।
दोनों संस्थानों ने यह अनुमान लगाया कि अगर सभी मौतें समय पर सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होतीं, तो कुल संख्या कितनी होती। इस गणना में 7 लाख से ज्यादा सैनिकों की मौत का आंकड़ा सामने आया।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक रूस जितने सैनिकों की भर्ती कर रहा है, उससे ज्यादा सैनिक जंग में गंवा रहा है। इसके बावजूद रूस 2026 में करीब 4 लाख 9 हजार नए सैनिकों की भर्ती करने की राह पर है। सरकार इसके लिए नए सैनिकों को बड़ी रकम देने का ऑफर भी जारी रखे हुए है।
लगातार भर्ती की वजह से ही रूस सैनिकों के भारी नुकसान के बावजूद जंग जारी रख पा रहा है। हालांकि, इससे युद्ध के मैदान में उसकी स्थिति बेहतर होने की संभावना कम है। आने वाले समय में रूस के पास हमले के लिए पर्याप्त पैदल सैनिकों की कमी हो सकती है।