देवीराम पैलेस के संचालक विनोद त्यागी की ईमानदारी की चहुंओर प्रशंसा, खोई चेन वापस पाकर खिल उठा महिला का चेहरा
Gargachary Times
25 November 2026, 18:42
4 views
Dholpur
धौलपुर: ईमानदारी और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए तोरदानियाल गांव के समीप स्थित देवीराम पैलेस मैरिज होम के संचालक विनोद त्यागी ने विवाह समारोह के दौरान गुम हुई दो तोले वजनी सोने की चेन उसकी वास्तविक मालकिन को लौटाकर समाज में एक प्रेरणादायी संदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार मोहरे का पुरा निवासी नेहा शर्मा पत्नी सुशील शर्मा 21 नवंबर 2026 को मांगरोल निवासी अपने रिश्तेदार रामवीर शर्मा के यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। विवाह समारोह तोरदानियाल गांव के समीप स्थित देवीराम पैलेस मैरिज होम में आयोजित हुआ था। इसी दौरान नेहा शर्मा की दो तोले वजनी सोने की चेन कहीं गिर गई थी। काफी तलाश करने के बावजूद चेन नहीं मिलने से नेहा और उनके परिजन बेहद परेशान थे।
बुधवार, 25 नवंबर को देवीराम पैलेस के संचालक विनोद त्यागी अपने बच्चों को समीप स्थित स्कूल में छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी नजर सड़क के डिवाइडर के पास पड़ी सोने की चेन पर गई। उन्होंने तत्काल बाइक रोककर चेन उठाई और मांगरोल निवासी संबंधित परिवार को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर नेहा शर्मा, रामवीर शर्मा, राधेश्याम कटारा, जयप्रकाश शर्मा, माता प्रसाद शर्मा एवं राधेश्याम शर्मा सहित करीब दर्जनभर लोग देवीराम पैलेस पहुंचे। यहां स्कूल संचालक श्री भगवान त्यागी की मौजूदगी में मैरिज होम संचालक विनोद त्यागी ने सोने की चेन नेहा शर्मा के सुपुर्द कर दी।
चार दिनों से सोने की चेन गुम होने के कारण नेहा शर्मा की नींद उड़ी हुई थी, लेकिन अपनी खोई हुई चेन वापस मिलते ही उनकी बांछें खिल उठीं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विनोद त्यागी की ईमानदारी, नेकनीयती एवं नैतिक मूल्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
विनोद त्यागी के इस सराहनीय कार्य ने साबित कर दिया कि इंसान की असली पहचान उसकी धन-संपत्ति से नहीं, बल्कि उसके चरित्र और ईमानदारी से होती है। उनका यह कार्य समाज के लिए अनुकरणीय है।