गऊ-ग्राम परखम बनेगा ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी, सीएम योगी समेत कई दिग्गज होंगे शामिल
Gargachary Times
25 November 2026, 18:57
2 views
Mathura
परखम। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 नवंबर को सुबह 10 बजे गऊ-ग्राम परखम, फरह पहुंचेंगे। यहां वे दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में गौ संवर्धन, आयुर्वेद, अनुसंधान और शिक्षा को समर्पित विभिन्न प्रमुख प्रकल्पों का विमोचन, लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
यह जानकारी दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरी शंकर शर्मा ने बुधवार को गऊ ग्राम परखम स्थित अशोक सिंघल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति दीनदयाल धाम, फरह के तत्वावधान में 28 नवंबर शनिवार को यह भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। साथ ही अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा 2 बीएचके आवासीय परिसर का शिलान्यास भी करेंगे।
मीडिया प्रभारी कीर्ति पी. कुमार ने बताया कि समारोह को परम पूज्य निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज एवं आचार्य महामण्डलेश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा श्री अवधेशानन्द गिरि जी महाराज का पावन आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी रहेंगे।
समारोह में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, देव संस्कृति विश्वविद्यालय उत्तराखण्ड के कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या, भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' तथा विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के सर्व व्यवस्था प्रमुख महावीर ने बताया कि समारोह में प्रबुद्ध वर्ग और समाजसेवियों के साथ ही महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को बुलाया गया है। इसमें प्रमुख शिक्षाविद, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, फैकल्टीज, समय-समय पर सहयोग देने वाले समाजसेवियों तथा समाज परिवर्तन में लगे बंधुओं और भगिनियों को भी आमंत्रित किया गया है। डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने मॉलिक्युलर बायलॉजी लैब के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
पत्रकार वार्ता में उमेश शर्मा, विनीत कुमार, मुकेश शर्मा, वीरेन्द्र एवं ऋषभ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।