पात्रों तक योजनाओं का भरपूर लाभ पहुंचाएं अधिकारी: केशव प्रसाद मौर्य
Gargachary Times
25 November 2026, 18:59
4 views
Lucknow
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार जौनपुर में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, विकास परियोजनाओं की प्रगति एवं जनसमस्याओं के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि खराब एवं जले हुए ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तत्काल बदला जाए। जहां ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड के कारण ओवरलोडिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां उनकी क्षमता वृद्धि की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विद्युत मीटरों से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गलत बिलिंग के माध्यम से उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि किसानों को खेती-किसानी एवं सिंचाई कार्यों के लिए पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों। उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्व की स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने जनपद में अंत्येष्टि स्थलों, उत्सव भवनों एवं सड़कों की स्थिति को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण सहित मंडी एवं अन्य विभागों के ऐसे कार्य, जिनकी प्रगति धीमी है अथवा जो किसी कारणवश लंबित हैं, उनमें तत्काल तेजी लाई जाए। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं, जिससे आमजन को उनका सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पडे़।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूर-दराज के क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए तथा उन्हें त्वरित एवं न्यायोचित समाधान उपलब्ध कराया जाए। आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
राजस्व संबंधी विवादों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं। जहां संभव हो, वहां दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके तथा अनावश्यक विवादों की स्थिति उत्पन्न न हो।
उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में संचालित सभी विकास परियोजनाओं एवं लंबित प्रोजेक्टों को निर्धारित समयसीमा से पूर्व पूर्ण कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। परियोजनाओं की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं का लाभ समय से आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया तथा क्षेत्र की समस्याओं, जन अपेक्षाओं एवं विकास से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव, मा० राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, अजीत प्रजापति एवं डॉ. अजय कुमार सिंह, मा० विधायक बदलापुर रमेश चन्द्र मिश्रा, शाहगंज रमेश सिंह एवं मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, मा० एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, नगर पालिका परिषद जौनपुर अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या, मा० पूर्व सांसद मछलीशहर बी.पी. सरोज सहित एवं जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चंद्रशेखर, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।