के. एम. विश्वविद्यालय मथुरा में संविधान दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन
Gargachary Times
26 November 2026, 20:51
2 views
Mathura
मथुरा। के.एम. विश्वविद्यालय के लैक्चर थियेटर में गुरुवार की संविधान दिवस के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा मेरा युवा भारत अभियान के अंतर्गत विकसित भारत युवा संवाद-संविधान दिवस संस्करण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए शपथ ली तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने सरस्वती मां के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया। इस दौरान उनके साथ विशिष्ट अतिथि महेश चंद शर्मा, प्रति कुलपति डा. शरद अग्रवाल, कुलसचिव डा. पूरन सिंह, परीक्षा नियंत्रक समीक्षा भारद्वाज मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने कहा प्रत्येक नागरिक को संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए तथा नियमों और अनुशासन का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। वहीं विशिष्ट अतिथि महेश चंद शर्मा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की विशेषताओं, मौलिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराया। वहीं एशियाई पैरा एथलीट एवं डिस्कस थ्रो के रजत पदक विजेता राम रतन सिंह ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को संघर्ष, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच से प्रत्येक चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी अमित कुमार एवं जिला यूथ आइकॉन दीपक सिंह आजाद ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रो-कुलपति एवं रजिस्ट्रार डॉ. पूरन सिंह ने विद्यार्थियों को ऐसे राष्ट्रहित एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर लॉ विभाग के डीन डॉ. दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों केशिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक वेद प्रकाश पांडे ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान दिवस के महत्व से जोड़ते हुए कार्यक्रम में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत जिला युवा विभाग के कोऑर्डिनेटर विजेंद्र सिंह एवं श्याम बाबू शुक्ला सहित विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मंच संचालन कर रहीं छात्राएं यतिका एवं अक्षरा सिंह ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से कार्यक्रम को आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के मूल्यों से परिचित कराना, उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना रहा। सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।