फिरोजाबाद पुलिस कार्यालय में मनाया गया संविधान दिवस, एसएसपी आदित्य लांग्हे ने दिलाई संविधान की शपथ
Gargachary Times
26 November 2026, 20:53
33 views
Firozabad
रिपोर्टर अरविन्द कुमार
फिरोजाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे ने पुलिस कार्यालय में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराते हुए संविधान दिवस की शपथ दिलाई।इस अवसर पर एसएसपी आदित्य लांग्हे ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति सभी को निष्ठावान रहना चाहिए। उन्होंने संविधान की गरिमा, संप्रभुता, एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के मूल सिद्धांतों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिकों के अधिकारों का आधार स्तंभ है। पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह संविधान के आदर्शों के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। साथ ही आमजन के अधिकारों की रक्षा करते हुए कानून के शासन को मजबूत बनाए।
इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक जयबिन्द कुमार गुप्ता (आईपीएस), अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, एसएसपी के पीआरओ सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।