संविधान दिवस पर अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना का शुभारंभ,विधायक मनीष असीजा और डीएम संतोष कुमार शर्मा ने भूमि पूजन कर विकास कार्यों का किया शुभारंभ
Gargachary Times
26 November 2026, 20:53
40 views
Firozabad
रिपोर्टर अरविन्द कुमार
फिरोजाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रदेशभर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 'डॉ. बी.आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना' के अंतर्गत विकसित किए जाने वाले पार्कों का एक साथ शिलान्यास किया गया। इसी क्रम में जनपद फिरोजाबाद की तहसील सदर स्थित अम्बेडकर नगर के अम्बेडकर पार्क में पार्कों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों के शुभारंभ को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत जनपद फिरोजाबाद में कुल 50 पार्कों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश सरकार द्वारा नगर निगम, नगर पालिका और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ समन्वित रूप से पार्कों एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं के विकास की पहल की गई है। यह संविधान सभा के सदस्यों और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी वर्गों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
डीएम ने संविधान की प्रस्तावना 'हम भारत के लोग' का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी मतदान के माध्यम से सुनिश्चित होती है। संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक भारतीय नागरिक को वयस्क मताधिकार प्राप्त है। इससे समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान रूप से मतदान का अधिकार मिलता है।
मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में योगदान देने वाले सभी महापुरुष अभिनंदन के पात्र हैं। विशेष रूप से बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का योगदान अविस्मरणीय है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों से देश को ऐसा सशक्त संविधान मिला, जिसने समाज के प्रत्येक वर्ग को समानता, न्याय और अधिकारों की सुरक्षा प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक मनीष असीजा एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। साथ ही पार्कों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।