ईरान की धमकियों से अलर्ट ट्रम्प के 5 मंत्री, मिलिट्री बेस में ली शरण
Gargachary Times
27 November 2026, 18:43
32 views
International
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीब 5 मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अपने निजी घर छोड़कर सैन्य ठिकानों पर रहने चले गए हैं। इन मंत्रियों ने ईरान से मिल रही जान से मारने की धमकियों और अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा को इसकी वजह बताया है।
अब ये अधिकारी 100 साल से भी ज्यादा पुराने सैन्य घरों में रह रहे हैं, जहां चारों तरफ सेना की सुरक्षा रहती है। इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट शामिल हैं।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन डीसी में सैन्य ठिकानों पर अधिकारियों के रहने का यह चलन पहले के मुकाबले काफी बढ़ा है। इन घरों में आमतौर पर सेना के बड़े अधिकारी और जनरल रहते थे। यहां आने-जाने के लिए सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है और आम लोगों की पहुंच सीमित है।
ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने हाल ही में जॉर्जटाउन में अपनी कोठी छोड़ दी और सैन्य ठिकाने पर रहने चले गए। उन्होंने CNBC न्यूज के एक कार्यक्रम में बताया कि ईरान से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसी वजह से उन्हें घर बदलना पड़ा।
बेसेंट ईरान पर आर्थिक दबाव बनाने और उस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की मुहिम में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान के नेता उन्हें और ट्रम्प प्रशासन के दूसरे अधिकारियों को धमका रहे हैं, लेकिन वे इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।