Loading...

3 साल बाद रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस में वापसी, फिर संभालेंगे कप्तानी

Gargachary Times 27 November 2026, 18:47 32 views
Sports
3 साल बाद रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस में वापसी, फिर संभालेंगे कप्तानी
रोहित शर्मा 3 साल बाद एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन गए हैं। वे हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। रोहित 2013 से 2023 तक लगातार 11 सीजन टीम के कप्तान रहे। उनकी कप्तानी में मुंबई ने 5 IPL खिताब और 2013 में चैंपियंस लीग टी-20 की ट्रॉफी जीती थी। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई पिछले 3 सीजन में सिर्फ एक बार प्लेऑफ में पहुंची। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स भेज दिया और बदले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया। रोहित शर्मा को IPL 2013 के बीच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिली थी। उस सीजन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग टीम की कमान संभाल रहे थे। पोंटिंग को मुंबई ने 2013 की नीलामी में खरीदा था और उन्हें कप्तान बनाया था। शुरुआती 6 मैचों में मुंबई को तीन जीत मिली थीं। पोंटिंग का बल्ला भी नहीं चल रहा था। इसके बाद उन्होंने खुद को प्लेइंग-11 से बाहर रखा और कप्तानी छोड़ दी। उस समय टीम में सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन मैनेजमेंट ने रोहित को जिम्मेदारी सौंपी। रोहित ने 24 अप्रैल 2013 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहली बार मुंबई की कप्तानी की। टीम ने वह मैच पांच विकेट से जीता। इसके बाद मुंबई ने उसी सीजन अपना पहला IPL खिताब भी जीत लिया।
Follow Samachar24