Loading...

गांव-गांव जल उत्सव के कार्यक्रम कराए जाएं आयोजित

Gargachary Times 27 November 2026, 19:12 33 views
Mainpuri
गांव-गांव जल उत्सव के कार्यक्रम कराए जाएं आयोजित
मैनपुरी - तहसील करहल के ग्राम सिमरऊ में जल-जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हुई ग्रामीण पेयजल परियोजना में ’जल अर्पण’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, इस अवसर पर भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन, जम्मू-कश्मीर के जल-जीवन मिशन निदेशक अनू मल्होत्रा, लद्दाख के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मो. उस्मान खान, इफ्तिखार अहमद आदि की संयुक्त टीम एवं जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया, अधिकारियों के दल ने सोलर आधारित पंप हाउस, ओवरहेड टैंक तथा जल गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया और ग्रामवासियों, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से सीधे संवाद किया। निरीक्षण एवं संवाद के दौरान भारत सरकार के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने कहा कि जल अर्पण कार्यक्रम केवल एक औपचारिक या सरकारी आयोजन नहीं बल्कि इसका वास्तविक अर्थ सरकार द्वारा निर्मित इस पेयजल परिसंपत्ति को ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के हाथों में सौंपना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ किए गए जल-जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित रूप से प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने पंप हाउस परिसर के साथ-साथ ग्रामीणों के घरों में जाकर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक ’जल वंदन’ के माध्यम से जलापूर्ति का शुभारंभ किया, ग्रामवासियों को प्रेरित किया कि वह इस परियोजना को अपनी स्वयं की संपत्ति समझ इसका दीर्घकालिक संरक्षण, संचालन करें। संवाद के क्रम में संयुक्त सचिव ने ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह तोमर, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों तथा पंप ऑपरेटर राजकुमार भदौरिया से संचालन की बारीकियों पर चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि पंप ऑपरेटर और समिति के सदस्यों को ’जल-जीवन मिशन योजना’ तथा कौशल विकास मिशन, आई.टी.आई. के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण दिया जाए ताकि छोटी-मोटी तकनीकी समस्याओं का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही हो सके। उन्होंने ग्राम पंचायत को सुझाव दिया कि वह आपसी सहमति से न्यूनतम उपभोक्ता शुल्क निर्धारित करें तथा 16वें वित्त आयोग की टाइड ग्रांट जिसमें 50 प्रतिशत राशि पेयजल एवं स्वच्छता हेतु निर्धारित है एवं ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के माध्यम से भविष्य के रख-रखाव के लिए एक सुदृढ़ बजट व्यवस्था तैयार करें, इसके साथ ही केंद्रीय भू-जल बोर्ड के मानकों के अनुरूप भूजल स्तर को रिचार्ज रखने के लिए वीबी-जी-राम-जी योजना के साथ समन्वय स्थापित कर तालाबों के जीर्णाेद्धार, सिंचाई नालियों एवं वर्षा जल संचयन रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर विशेष ध्यान दिया जाये, प्रत्येक वर्ष माह मार्च में ’जल महोत्सव’ आयोजित कर इस उपलब्धि का उत्सव मनाने का आह्वान किया। उन्होने स्वयं सहायता समूह की महिला जल-सखी लक्ष्मी एवं उनकी टीम ने फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से सभी अधिकारियों, ग्रामीणों के समक्ष पेयजल के पीएच, हार्डनेस, ऑयरन, फ्लोराइड और नाइट्रेट सहित 09 मानकों का लाइव परीक्षण करके दिखाया, महिलाओं ने बताया कि वर्ष में 02 किटों के माध्यम से वह कुल 200 सैंपल की जांच कर उसकी रिपोर्ट सीधे ’जल सखी ऐप’ व ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करती हैं, जिसकी निगरानी दिल्ली स्तर तक की जाती है, अधिकारियों ने ग्रामीणों को ’जल साथी’ मोबाइल एप्लिकेशन के बारे में भी जानकारी दी, जिसके माध्यम से वह अपनी ग्राम पंचायत की पेयजल व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं देख सकते हैं और किसी भी शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्वरित निस्तारण करा सकते हैं। जम्मू-कश्मीर की मिशन निदेशक अनू मल्होत्रा ने ग्राम की महिलाओं की तकनीकी दक्षता, पोर्टल संचालन, सौर पैनलों की नियमित साफ-सफाई के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, अपनत्व की भावना से यह परियोजना आगामी कई दशकों तक सफलतापूर्वक संचालित होती रहेगी, ग्रामवासियों ने भी पूर्व के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले 40 फीट गहरे उथले हैंडपंपों का दूषित पानी पीने से अनेक बीमारियां होती थीं लेकिन अब घर-घर स्वच्छ नल जल पहुंचने से स्वास्थ्य और जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
Follow Samachar24